लखनऊ। सरोजनी नगर क्षेत्र के बनीं-मोहन रोड, बेंती स्थित हीरालाल यादव पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर शैक्षिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। विद्यालय परिसर स्थित सुखोई एकेडमी के कुल 63 विद्यार्थियों का यूपी सैनिक स्कूल में चयन होने पर मंगलवार को चयनित छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि चयनित विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों की सफलता में अभिभावकों के योगदान को भी सम्मान मिला। चयनित विद्यार्थियों में कक्षा 6 के 28 तथा कक्षा 9 के 35 छात्र-छात्राएँ शामिल हैं। यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और समर्पित शिक्षण प्रणाली का प्रत्यक्ष प्रमाण मानी जा रही है।
समारोह के मुख्य अतिथि रहे हीरालाल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के चेयरमैन राम सिंह यादव ने चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “सैनिक स्कूल में चयन केवल एक परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र सेवा की दिशा में पहला मजबूत कदम है। ये विद्यार्थी भविष्य में देश का गौरव बनेंगे और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत सिद्ध होंगे।” उन्होंने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शीलू बेनिवाल, कमाण्डर विकास यादव, इं० अनुराग यादव एवं संजीव कुमार उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
हीरालाल यादव पब्लिक स्कूल के 63 विद्यार्थियों का यूपी सैनिक स्कूल में चयन होने पर भव्य समारोह
