कृष्णानगर क्षेत्र में ज्वेलर्स शॉप में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा

Spread the love

लखनऊ। राजधानी में कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह की गुड नेटवर्किंग एक बार फिर सामने आई है। अभी हाल ही में बीते दिनों उन्होंने पुलिस टीम के साथ जहाँ कई बड़े मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर अपराधियों को जेल की हवा खिलाई वही आज रविवार को फिर उन्होंने पुलिस टीम के साथ एक महिला द्वारा संचालित चोरों के एक शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने विगत 30 दिसंबर की रात ज्वेलरी की दुकान पर सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए बाजार खाला थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य बड़ी चोरी की घटना का भी खुलासा किया है। मजे की बात तो यह है कि चोरों के इस शातिर गैंग की सरगना महिला है जो अपने दो साथियों के साथ पुलिस की गिरफ्त में आई है।

कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पी के सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक महिला सहित तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर अलीनगर सुनहरा पालमार्केट स्थित पुष्पांजलि ज्वेलर्स शॉप में विगत 30 दिसंबर की रात हुई बड़ी चोरी सहित बाजार खाला थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य बड़ी चोरी का खुलासा किया है। सीसीटीवी फुटेज एवं सर्विलांस के जरिये पुलिस के हत्थे चढ़े चोरों के कब्जे से लाखों की ज्वेलरी एवं 1500 रुपये नगदी सहित चोरी की घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की गई है। बता दे कि विगत 30 दिसम्बर की रात कृष्णानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीनगर सुनहरा पालमार्केट स्थित पुष्पांजलि ज्वैलर्स शॉप में शटर तोड़ कर हुई चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस बड़ी चोरी के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें सक्रिय थीं। इसी क्रम में आज मुखबिर की खास सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर पीके सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गंगाखेड़ा अंडरपास के निकट घेराबंदी कर अपाचे बाइक से जा रहे एक महिला सहित तीनों शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस बड़ी सफलता के बाद एडीसीपी साऊथ अमित कुमावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस टीम के हत्थे चढ़े महिला समेत तीनो चोर पेशेवर चोर हैं। जिसमें महिला अभियुक्त निलोफर उर्फ गिट्टा गैंग की सरगना है जो कि लखनऊ से बाजारखाला थाना क्षेत्र एवररेड्डी चौराहा की निवासिनी है। उसके विरुद्ध लखनऊ के बाजार खाला, तालकटोरा, सहादत गंज एवं कृष्णानगर थाने में चोरी के कुल 12 मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल की हवा भी खा चुकी है। वहीं अमन एवं सिराजुद्दीन दोनो बहराइच जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत काजीपुरा मोहल्ले के निवासी हैं। जो वर्तमान समय में पारा थाना क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी में अपना ठिकाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। यह बड़ा खुलासा कृष्णा नगर थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस सहित डीसीपी साउथ क्राइम व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाही में किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *