आदर्श का शतक बेकार, निशांत के चौके से गोरखपुर की रोमांचक जीत

Spread the love


यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS
कानपुर सुपरस्टार्स को तीन विकेट से दी शिकस्त

लखनऊ, 26 अगस्त 2026। मैन ऑफ द मैच आदर्श सिंह (नाबाद 101) के सीजन के पहले शतक के बावजूद कानपुर सुपरस्टार्स को यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मैच में गौर गोरखपुर लायंस के हाथों तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

आदर्श सिंह की शानदार पारी की बदौलत कानपुर सुपरस्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15.4 ओवर में दो विकेट पर 150 रन बनाए।

बारिश के कारण मैच बाधित होने के बाद डकवर्थ-लुईस पद्धति से गौर गोरखपुर लायंस को 10 ओवर में 121 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे गोरखपुर ने 9.4 ओवर में सात विकेट खोकर निशांत कुशवाहा के विजयी चौके से 124 रन बनाते हुए हासिल कर लिया और तीन विकेट से जीत अपने नाम की।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स को आदर्श सिंह व प्रियांशु पांडेय की सलामी जोड़ी ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की।

प्रियांशु पांडेय ने 16 गेंदों पर दो चौके व दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। उन्हें सातवें ओवर की पहली गेंद पर शिवम शर्मा ने अपनी ही गेंद पर कैच लपककर पवेलियन वापस भेजा।

इसके बाद कप्तान समीर रिजवी (13 रन, 20 गेंद) ने आदर्श सिंह का साथ दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी कर कानपुर की पारी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। समीर को 15वें ओवर की पहली गेंद पर विशाल निषाद की गेंद पर निशांत कुशवाहा ने कैच किया।

इसके बाद आदर्श सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 54 गेंदों पर 101 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें तीन चौके और नौ छक्के शामिल रहे। आदर्श की शतकीय पारी की बदौलत कानपुर सुपरस्टार्स ने 15.4 ओवर में दो विकेट पर 150 रन बना लिए। इसके बाद बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा और कानपुर की पारी इसी स्कोर पर समाप्त हुई।

बारिश के बाद डकवर्थ-लुईस पद्धति से गौर गोरखपुर लायंस को 10 ओवर में 121 रन बनाने का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की शुरुआत तेज रही, लेकिन उसके विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे।

अभय प्रताप सिंह ने 17 गेंदों पर 33 रन की तेज पारी खेली। आर्यन चौधरी ने चार गेंदों पर 14 रन और आर्यन जुयाल ने चार गेंदों पर 14 रन बनाए। सिद्धार्थ यादव एक रन बनाकर आउट हुए। इसके चलते गोरखपुर ने 4.1 ओवर में 59 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए।

इसके बाद प्रिंस यादव ने 13 और हरदीप सिंह ने 10 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने में योगदान दिया। शिवम शर्मा छह रन बनाकर दसवें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुए। इसके बाद कानपुर के गेंदबाजों ने लगातार दो गेंदें वाइड फेंकी, जिससे गोरखपुर की जीत महज औपचारिकता भर रह गयी।

हालांकि एक छोर पर निशांत कुशवाहा ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने महज 10 गेंदों पर एक चौके और दो गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 25 रन की रोमांचक पारी खेली और विजयी चौका जड़ते हुए टीम की झोली में जीत डाल दी।

गोरखपुर लायंस ने 9.4 ओवर में सात विकेट पर 124 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस तरह आदर्श सिंह की शानदार शतकीय पारी के बावजूद कानपुर सुपरस्टार्स को हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *